नई दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में वित्तमंत्री पी चिदंबरम की प्रेस कांफ्रेस में जो कुछ भी हुआ उसे कहीं से सही नहीं ठहराया जा सकता। लेकिन इराक से लेकर, ब्रिटेन और अब हिन्दुस्तान तक इस तरह की परंपरा शुरू हो गई है। लेकिन बेचारा इसमें जूते का क्या दोष। जूता तो हर मौके पर अपनी वफादारी का सबूत
देता है। यही वजह है कि जूते की महिमा हमेशा रही है। चाहे वो पैर में हो या सिर पर। काफी दिनों बाद शेखर आनंद जी ने मेरा वतन के पाठकों के लिए ये पाती भेजी है। पेश है...
देता है। यही वजह है कि जूते की महिमा हमेशा रही है। चाहे वो पैर में हो या सिर पर। काफी दिनों बाद शेखर आनंद जी ने मेरा वतन के पाठकों के लिए ये पाती भेजी है। पेश है...जूता बहुत सहनशील होता है। वो सर्दी गर्मी बरसात के अलावा भी बहुत कुछ सहता है। शो रुम में किसी की पसंद ना पसंद को सहता है...........पुराना हो जाये तो अपनों की उपेक्षा को सहता है। वो किसी के शरीर का दबाव सहता है......राह की रोड़ी गिट्टी की रगड़ सहता है.....पैर पटकती कुंठा को सहता है.......लोगों की भीड़ में जाने अनजाने टकराव सहता है.....जमाने भर की गर्दो गुबार सहता है........जूता... मंदिर, मस्जिद,गिरजा,गुरद्वारे के बाहर अपने तिरस्कार को सहता है। सब कुछ सहते सहते अगर जूता फट भी जाये तो भी वफादार रहता है......वो आखिर तक पैर में पड़ा रहता है......लेकिन अगर इंसान के सब्र का पैमाना छलक जाये तो वो जूता पैर से निकाल लेता है और बिना कुछ कहे सामने वाले को छील काट कर रख देता है। जूता सब कुछ जानता है......इसलिये आखिर तक ईमानदार बना रहता है। जूते को पता है कि उसकी जरुरत बेइमान और ईमानदार दोनो को है। इसलिये पैर किसी का भी हो वो अपनी छाप छोड़ता चलता है। जूता ही नहीं... जूते के निशान भी इंसाफ पसंद होते हैं। गुनहगार को गुनाह के बाद अपने ही जूते के निशान साफ करने होते हैं.....जरा सी चूक गुनहगार को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा सकती है। देश आजाद है लेकिन जूता नहीं। वो अतीत के अपने ही निशान खुद नहीं मिटा सकता... इसलिये आजाद भारत में सीबीआई मौजूद है.....जो जरुरत से ज्यादा स्वतंत्र नेताओं के जूतों के निशान साफ करती है। दंगा चाहें चौरासी का हो....गोधरा या गुजरात का......राममंदिर का आंदोलन हो....या ताज का कारीडोर.......जहां जहां नेताओं के कदम पड़े हर जगह सीबीआई को जूते के निशान मिटाने का जिम्मा मिला। निष्पक्ष का तमगा लिये सीबीआई केन्द्र सरकार के सापेक्ष ही काम करती है। कब, कहां, कैसे, किसका, कितना निशान मिटाना है इसे केन्द्र की सरकार और काफी हद तक देश का गृहमंत्री आंकता रहता है। हिसाब किताब में माहिर चिदम्बरम की गणित यहीं गड़बड़ा गयी। उम्र की एक दहलीज पर खड़ा जूता जानता था कि उसकी उम्र खत्म हो सकती है लेकिन अदालत में मामला नहीं। अपनी सफेद बनावट पर कुछ काले निशान लिये ये जूता.... बहुत खामोशी से पैर से निकला.....हाथ से छूट कर हवा के रास्ते चिदम्बरम की तरफ बहुत खामोशी से लपका और गिरने के बाद भी खामोश है। जूते की इसी खामोशी के पीछे बहुत बड़ा तूफान है। आम जनता के जस्बातों का तूफान........इंसाफ की डगर पर नाइंसाफी के डर का तूफान.........जरुरत से ज्यादा स्वतंत्र नेताओं को सबक सिखाने का तूफान......सरकारी महकमों में दलालों के सफाये का तूफान........बदलाव के वक्त सिर्फ बदलाव का तूफान। बेहतर है कि सफेद कपड़ों में कालिख लिये चेहरे....अब भी.... जूते की भाषा समझ लें। जूता सहनशील है इसलिये फिर मौका दे रहा है।